• Mon. Apr 6th, 2026

    अल्मोड़ा: अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए सरकार की सभी योजनाओं का लाभ- कुमाऊं आयुक्त

    अल्मोड़ा। आज प्रान्तीय भ्रमण पर कुमाऊं के आयुक्त दीपक रावत ने विकास भवन ऑडिटोरियम में जिला प्रांतीय समीक्षा बैठक में विभिन्न नामांकन एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।इस बैठक में जिला योजना, राज्य योजना तथा केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा प्रत्येक विभाग लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करे। बैठक में जनपद में संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा तथा वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सड़क सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने, तथा यातायात सुगमता के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। साथ ही प्राधिकरण से संबंधित विकासात्मक गतिविधियों की भी गहन समीक्षा की गई तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।आयुक्त ने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण एवं विभागों के मध्य बेहतर समन्वय से ही अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा की जा रही गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अपराध पर अंकुश लगाने तथा लोगों के लिए सुरक्षित और निर्भय वातावरण तैयार करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि नशे और मादक पदार्थों की चेन को तोड़ते हुए जनपद को नशा मुक्त बनाए जाने पर गंभीरता से कार्य किया जाए। कुमाऊँ कमिश्नर ने जनपद में संचालित पिंक ई रिक्शा योजना, सखी बाज़ार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंशों के लिए कन्हावन योजना और शिक्षा स्वयंसेवक योजनाओं जैसी पहलों की सराहना की।

    By swati tewari

    working in digital media since 5 year

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *