X

हल्द्वानी: रोडवेज बस से टकराई स्कूटी सवार महिला की मौत

हल्द्वानी। रविवार की सुबह 11 बजे करीब रामपुर रोड स्थित एक बाइक शोरूम के पास रामपुर डिपो की बस ने एक अधेड़ उम्र की महिला को टक्कर मार दी। महिला बुरी तरह घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, महिला को आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं लोगों ने रोडवेज बस को रोककर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों को भी बस खाली करनी पड़ी और दूसरे साधनों से गंतव्य को जाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार चांदमारी काठगोदाम भूमिया मंदिर के पास रहने वाली ज्योति जंतवाल 45 वर्षीय पत्नी राजेंद्र जंतवाल आज अपने बेटे के साथ रामपुर रोड स्थित एक टाइल्स की दुकान में टाइल्स लेने जा रही थी। तभी सुशीला तिवारी अस्पताल के पास वह स्कूटी से नीचे गिर गई। इस दौरान पीछे से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज बस की चपेट में आकर ज्योति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक महिला ज्योति एलआईसी हल्द्वानी में काम करती थी और उनके पति राजेंद्र सिडकुल स्थित कंपनी में काम करते हैं।

घटना के बाद बस चालक मौके पर ही बस को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस का कहना कि चालक और बस को हिरासत में ले लिया गया है। परिवार वालों की तहरीर मिलते मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

This post was published on 22/10/2023 12:48 PM

swati tewari: working in digital media since 5 year
Related Post