केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर ग्लेशियर टूटने से यात्रा मार्ग बाधित हो गया है। राज्य सरकार ने यात्रियों से अपील की है कि मार्ग सुचारू होने तक वे जहां हैं वहीं बने रहें।
गुरुवार दोपहर 2 बजकर 25 मिनट पर भैरों गदेरे में ग्लेशियर टूटने के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग आवाजाही के लिए बंद हो गया है। जिसकी वजह से केदारनाथ पैदल यात्रियों के लिए यात्रा रोक दी गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार केदारनाथ धाम की ओर यात्रा मार्ग दोपहर में ग्लेशियर में एक टुकड़ा के टूटने के बाद बंद कर दिया गया है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी ने कहा, “दोपहर 2:25 बजे भैरों ग्लेशियर पर फिर से ग्लेशियर टूटने के कारण यात्रा मार्ग आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।”
इस संबंध में रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तीर्थयात्रियों से केदारनाथ धाम की ओर पैदल जाने से बचने की अपील की है।
उन्होंने कहा, “केदारनाथ धाम की ओर पैदल जाने वाले तीर्थयात्रियों को तब तक नहीं जाना चाहिए जब तक कि यात्रा मार्ग पूरी तरह से सुचारू न हो जाए।”
उन्होंने आगे कहा कि यात्री अगर केदारनाथ धाम में दर्शन करना चाहते हैं तो हेलीकॉप्टर सेवा ले सकते हैं।
डीएम ने यात्रियों से कहा है कि वे जहां हैं वहीं सुरक्षित रहें। उन्होंने यह भी कहा कि जो यात्री दर्शन करना चाहते हैं वे हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम जा सकते हैं।

