X

कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से अधिकाधिक सेवाएं आमजन तक पहुंचाई जाएं I

Almora

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज विकास भवन सभागार, अल्मोड़ा में कुमाऊं मंडल के समस्त जनपदों के अधिकारियों के साथ सहकारिता, उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, जनहितकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आधारभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में एक-एक आदर्श सहकारिता गांव विकसित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता मॉडल को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं को गांव स्तर तक सुदृढ़ बनाया जाए तथा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से अधिकाधिक सेवाएं आमजन तक पहुंचाई जाएं। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने तथा सहकारिता समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग को शत प्रतिशत कंप्यूटराइज्ड किया जाएगा तथा सभी किसानों को समृद्धि कार्ड दिए जाएंगे।

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालयों की आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जर्जर एवं मरम्मत योग्य विद्यालय भवनों की मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। साथ ही उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने, शिक्षण स्तर में सुधार लाने तथा विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

कैबिनेट मंत्री ने प्रत्येक विकासखंड में एक-एक आवासीय विद्यालय स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवासीय विद्यालयों की स्थापना महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में प्रतिवर्ष प्रवेशोत्सव का आयोजन भी किया जाए। कहा कि जनपद के प्रमुख अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को एक एक विद्यालय गोद दिया जाएगा इससे विद्यालयों के प्रदर्शन में सुधार किया जाएगा।

बैठक में विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी , रानीखेत डॉ प्रमोद नैनवाल, जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, सल्ट महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ,मंत्री जिला प्रतिनिधि जगदीश सिंह नगरकोटी समेत उपस्थित रहे तथा विभिन्न जनपदों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा मंत्री द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

This post was published on 19/05/2026 6:08 AM

Categories: Article / report
D S Sijwali: Work on Mass Media since 2002 ........