मुख्यालय भर्ती जोन (लखनऊ ) के जोनल भर्ती अधिकारी मेजर जनरल मनोज तिवारी ने किया उत्तराखंड में 2023 की पहली अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ।
सोमनाथ मैदान में अग्निवीर बनने के लिए दौड़े एक हज़ार अभ्यार्थी नौजवान
कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर के सोमनाथ ग्राउंड में शुक्रवार 23 जून को हुई अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ मुख्यालय भर्ती जोन (लखनऊ) के प्रमुख मेजर जनरल मनोज तिवारी ने किया । रैली की शुरूआत 1.6 किलोमीटर की दौड़ के साथ हुई, जिसके बाद दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का बीम , 9 फीट गड्ढा तथा ज़िग ज़ैग बैलेंस टेस्ट हुआ । तत्पश्चात उनके ऊंचाई , सीना तथा वजन मापने की प्रक्रिया चली । इस भर्ती रैली में बागेश्वर जिले के पांच तहसीलों (दुगनाकुड़ी, गरुड़, काफलीगैर, कांडा तथा कपकोट) के लगभग एक हज़ार अभ्यार्थियों की परीक्षा ली गई।




इस अवसर पर मेजर जनरल मनोज तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड के युवाओं के लिए भारतीय सेना की ओर से रानीखेत में चल रही मौजूदा अग्निवीर भर्ती रैली के बाद समस्त उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए नर्सिंग असिस्टेंट तथा सिपाही फार्मा के पदों के चयन के लिए दो और भर्ती रैलियां जुलाई के पहले पखवाड़े में रानीखेत में ही आयोजित की जाएंगी, ताकि इन प्रदेशों के युवाओं को सेना में रहकर देश सेवा का भरपूर सुअवसर मिल सके । उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले कुछ महीनों में उत्तराखंड के नवयुवको के लिए लैंसडाउन तथा चंपावत में भी भर्ती रैलियां कराई जाएंगी ।इसके अलावा प्रदेश की बेटियों के लिए भी सेना पुलिस में चयनित होकर गौरवान्वित होने का मौका ,उन्हें जल्द ही मिलने वाला है । उनके लिए लखनऊ में महिला सेना पुलिस के पदों के लिए भी भर्ती रैली का आयोजन नवंबर माह में किया जाएगा ।
