X

चम्पावत दुष्कर्म कांड पर विधायक मनोज तिवारी का तीखा हमला,कहा भाजपा राज में महिलाओं पर अपराध तेजी से बढ़े

अल्मोड़ा-चम्पावत में नाबालिग बालिका के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताते हुए कहा कि जब से राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई है, तब से महिला अपराधों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत और सांस्कृतिक पर्वतीय राज्य में इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देने वाली हैं।विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि आज स्थिति यह हो चुकी है कि पर्वतीय राज्यों में महिला अपराधों के मामलों में उत्तराखंड सबसे आगे दिखाई दे रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार के दावे केवल कागजों और भाषणों तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही दुष्कर्म, छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाएं यह साबित करती हैं कि अपराधियों के मन में कानून का कोई भय नहीं बचा है। अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। विधायक ने कहा कि चम्पावत की घटना केवल एक घटना नहीं, बल्कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का प्रतीक है।मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं और नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के नाम पर मामलों को केवल घुमाने और दबाने का प्रयास किया जाता है, जिससे आम जनता का कानून व्यवस्था और शासन प्रशासन से विश्वास उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर होती तो अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल नारों और विज्ञापनों से सुनिश्चित नहीं होगी,बल्कि सरकार को मजबूत इच्छाशक्ति के साथ अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने होंगे।विधायक ने मांग की कि चम्पावत मामले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की घिनौनी हरकत करने का साहस न कर सके।उन्होंने प्रदेश की जनता से भी महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।साथ ही कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और सरकार को उसकी विफलताओं के लिए जवाबदेह बनाएगी।

This post was published on 07/05/2026 10:12 AM

D S Sijwali: Work on Mass Media since 2002 ........
Related Post