• Mon. May 25th, 2026

अथरबनी ग्रामसभा में सखी बाजार आउटलेट का शुभारम्भ, समूह की महिलाओं की आर्थिकी होगी बेहतर

  • अथरबनी ग्रामसभा में सखी बाजार आउटलेट का शुभारम्भ, समूह की महिलाओं की आर्थिकी होगी बेहतर

अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड की अथरबनी ग्रामसभा में मंगलवार को सखी बाजार आउटलेट की शुरुआत हुई। ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं ग्राम्य विकास विभाग के सहयोग से खोले गए इस आउटलेट का उद्घाटन दर्जा मंत्री गंगा बिष्ट और मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। सखी बाजार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करना, उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस आउटलेट के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर सकेंगी। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि यह जनपद का दूसरा सखी बाजार है और यह स्वयं सहायता समूहों के प्रयास से संचालित होगा। दर्जा मंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि सखी बाजार महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहायक है। समूह अध्यक्ष निशा जोशी ने कहा कि इस पहल से समूह की महिलाओं को रोजगार मिलेगा और उनकी आर्थिकी मजबूत होगी। ग्राम प्रधान अथरबनी विनोद जोशी ने इसे महिला सशक्तिकरण और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संयुक्त उदाहरण बताया। गौरतलब है कि एनआरएलएम के अंतर्गत महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर विभिन्न आर्थिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाकर जीवनस्तर सुधार रही हैं। सखी बाजार इसी प्रयास को एक मंच उपलब्ध कराता है, जहां खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प और घरेलू उत्पादों जैसे स्थानीय सामान प्रदर्शित किए जाते हैं। इसके माध्यम से महिलाओं को विपणन, ब्रांडिंग और ग्राहक तक सीधे पहुंचने का अवसर मिलता है। उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत सदस्य खत्याड़ी ममता कनवाल, एनआरएलएम डीटीई गंगा आर्या, खंड विकास अधिकारी एस. एस. दरियाल, खंड विकास अधिकारी रमेश कनवाल, ब्लॉक मिशन प्रबंधक रहमत हुसैन, ग्राम विकास अधिकारी पंकज सुनोरी, एरिया कोऑर्डिनेटर कमला जोशी, गंगा आर्य, पार्वती बिष्ट, सीएलएफ अध्यक्ष सीमा कुमारी, कमला जोशी, दीपा उप्रेती सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया।

By swati tewari

working in digital media since 5 year

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *