• Mon. May 25th, 2026

अल्मोड़ा, श्रीनगर, उत्तरकाशी व चंपावत में खुलेंगे नशा मुक्ति केंद्र, सीएम धामी ने दिलाई ड्रग्स फ्री उत्तराखंड की शपथ

Uttarakhand news…मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गांधी पार्क, देहरादून में ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड को 2025 तक ड्रग्स फ्री बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इस अभियान को सबको मिलकर सफल बनाना है।

नशे के खिलाफ बड़ी जंग के लिए उत्तराखंड के चार जिलों में जल्द ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) सेंटर बनाए जाएंगे। केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। जल्द ही इनको शुरू किया जाएगा। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने यह बात कही।


उन्होंने बताया कि अभी केवल ऋषिकेश एम्स में दस बेड का एटीएफ सेंटर चल रहा है। लेकिन जल्द ही उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चम्पावत और श्रीनगर में भी ऐसे सेंटर खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को 2025 तक ड्रग्स फ्री बनाने का लक्ष्य है। अभी चार इंटीग्रेटेड रिहैबिलिटेशन सेंटर फॉर एडिक्ट्स चलाए जा रहे हैं। इस साल अभी तक एनडीपीएस ऐक्ट में लगभग 600 मामले पंजीकृत हो चुके हैं, जिसके तहत करीब साढ़े सात सौ आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। युवाओं को जागरूक भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में ड्रग ट्रैफिकिंग को रोकने और इसके तंत्र को ध्वस्त करने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके सारे परिवार और समूचे सामाजिक परिवेश को हानि पहुंचाता है।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि सभी के सहयोग और संस्थाओं द्वारा किये जा रहे अथक प्रयासों से, हम समय से पहले ही ड्रग्स फ्री देवभूमि का विकल्प रहित संकल्प अवश्य प्राप्त कर लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड की शपथ भी दिलाई।

इस मौके पर आरएसएस के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय कुमार, प्रादेशिक मुख्य आयुक्त-भारत स्काउट एंड गाइड एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीमा जौनसारी, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रदीप रावत आदि मौजूद रहे।

By swati tewari

working in digital media since 5 year

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *