• Thu. Feb 12th, 2026

Uttarakhand: IPS रचिता जुयाल ने दिया इस्तीफा, बताया कारण

देहरादून: भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी रचिता जुयाल ने अपने इस्तीफे को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए सोमवार को कहा कि उन्होंने पूरी तरह व्यक्तिगत कारणों से त्यागपत्र दिया है।उत्तराखंड कैडर की 2015 बैच की आईपीएस अधिकारी जुयाल ने कहा कि मैंने अपनी 10 साल की सेवा पूरी करने के बाद हाल ही में इस्तीफा दिया है। यह इस्तीफा मैंने पूरी तरह से अपने व्यक्तिगत कारणों से दिया है।

उन्होंने कहा कि सबकी जिंदगी में लक्ष्य और योजनाएं होती हैं और वह भी अपने लक्ष्यों और योजनाओं के साथ आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि काफी समय से हमारे परिवार में इस पर चर्चा चल रही थी और सही समय आने पर मैंने इस्तीफा दिया है। आईपीएस रचिता जुयाल ने कहा कि पिछले 10 साल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया और प्रदेश में उन्हें अच्छे मौके मिले। उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड की रहने वाली हैं और आगे भी वह प्रदेश से जुड़ी रहेंगी। पूरे तरीके से अपना योगदान देंगी।फिलहाल सतर्कता विभाग में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहीं रचिता जुयाल के इस्तीफा देने के बाद इस बात की अटकलें जोरों पर थीं कि प्रशासनिक दखल के चलते उन्हें काम नहीं करने दिया जा रहा था। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी आरोप लगाया था कि एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाने के बाद उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया।

बता दें कि हाल ही में रचिता जुयाल ने फिल्म डायरेक्टर यशस्वी जुयाल से शादी की है। यशस्वी जुयाल बालीवुड के मशहूर डांसर और अभिनेता राघव जुयाल के छोटे भाई हैं। रचिता और यशस्वी की मुलाकात कोविड काल में समाज सेवा के दौरान हुई थी। रचिता जुयाल के पिता और नाना भी पुलिस अधिकारी रहे हैं।

By D S Sijwali

Work on Mass Media since 2002 ........

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *