• Wed. May 27th, 2026

दिनदहाड़े विधायक के कार्यालय पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, दोनों पर केस दर्ज, सीएम तक पहुंचा मामला

उत्तराखण्ड के रुड़की में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की दबंगई, दिनदहाड़े खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

रूड़की। पूर्व विधायक कुंवर प्रवण सिंह चैंपियन और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच उपजा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में पूर्व विधायक कुंवर प्रवण सिंह चैंपियन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पत्नी रानी देवयानी ने खानपुर विधायक उमेश कुमार और अन्य लोगों के खिलाफ रूड़की सिविल लाइन कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इस बीच खबर ये भी है कि विधायक उमेश कुमार फिलहाल पुलिस की हिरासत में हैं।

इसे गुण्डागिर्दी कहें या फिर जंगलराज! जो भी हो रुड़की से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न केवल सनसनी फैलाई है, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। मामला रुड़की के गंग नहर का बताया जा रहा है। यहां खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसके बाद मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल खानपुर विधायक के समर्थक भी जुटना शुरू हो गए हैं।इधर खानपुर विधायक उमेश कुमार से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ में रिवाल्वर निकाले दिख रहे हैं और काफी गुस्से में नजर आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस उन्हें समझाकर शांत करा रही है।

इस बीच आज फायरिंग और गालगलौच का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अपने समर्थकों के साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर गाली-गलौच के बाद फायरिंग करते देखे जा रहे हैं। इस दौरान एक नहीं, दो नहीं, बल्कि कई राउंड फायरिंग की गई। हैरानी की बात तो ये है कि पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के साथ मौजूद अन्य लोग भी तड़ातड़ फायरिंग कर रहे हैं। इस मामले से जहां इलाके में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फायरिंग और मारपीट की इस घटना में कुछ लोगों के चोटिल होने की खबर भी सामने आई है। फिलहाल मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। वहीं सवाल उठ रहा है कि आखिर कैसे कोई इस प्रकार दिनदहाड़े फायरिंग कर सकता है। सवाल ये भी उठता है कि जब एक विधायक के कार्यालय में घुसकर इस प्रकार फायरिंग हो रही हो, तो आमजन की सुरक्षा क्या होगी। फिलहाल मामले को लेकर खासी गहमा-गहमी देखने को मिल रही है।हैरानी की बात तो यह भी है कि इस प्रकरण का वीडियो खुद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगाया है, जिससे साफ प्रतीत होता है कि उत्तराखण्ड में कानून का जरा भी खौफ नहीं है। खबरों के मुताबिक पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उमेश कुमार के बीच शनिवार को अपशब्द कहने को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में देर रात उमेश कुमार अपने समर्थकों के साथ चैंपियन के कैंप कार्यालय और लंढौरा महल के बाहर पहुंचे थे और जमकर हंगामा हो गया था।

इधर इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में दो दिन से जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है वह दोनों को शोभा नहीं देता है। कानून अपने हाथ में लेना गलत है। सीएम धामी से इस मामले में बात की है। पार्टी किसी को कानून अपने हाथ में लेने का आधिकार नहीं देती है। कोई भी हो जो इस तरह के कृत्य करेगा उस पर कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी। पुलिस मामले को देख रही है।

By swati tewari

working in digital media since 5 year

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *